नेपाल में 100 रुपए नियम पर बवाल, सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग

  • Post By Admin on Apr 22 2026
नेपाल में 100 रुपए नियम पर बवाल, सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग

काठमांडू : नेपाल में नई आर्थिक सख्ती को लेकर विरोध तेज हो गया है। बालेन शाह के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा लागू किए गए एक नियम ने आम लोगों और सीमावर्ती व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, जिसके विरोध में जगह-जगह प्रदर्शन शुरू हो गए हैं।

दरअसल, सरकार ने भारत से खरीदे गए 100 नेपाली रुपये (करीब 63 भारतीय रुपए) से अधिक के सामान पर 80 प्रतिशत तक कस्टम ड्यूटी को सख्ती से लागू करना शुरू कर दिया है। हालांकि यह नियम पहले से मौजूद था, लेकिन अब इसे कड़ाई से लागू किए जाने के कारण आम जनता में नाराजगी बढ़ गई है।

इस फैसले का असर सीमावर्ती क्षेत्रों पर साफ दिखाई दे रहा है। धारचूला से लेकर दार्जिलिंग तक के बाजारों में नेपाली नागरिकों की आवाजाही में कमी आई है। इसका सीधा असर भारतीय व्यापारियों पर भी पड़ा है, जिन्हें कारोबार में नुकसान उठाना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस नियम से रोजमर्रा की जरूरत की चीजें महंगी हो गई हैं और सीमावर्ती व्यापार पर बुरा असर पड़ा है। वहीं, विरोध प्रदर्शन तेज होते जा रहे हैं, जिससे सरकार पर दबाव बढ़ता दिख रहा है।

फिलहाल, सरकार की ओर से इस मुद्दे पर कोई नरमी के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन बढ़ते विरोध के बीच आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।