हुबेई में प्रकृति का तांडव, दो शक्तिशाली बवंडरों से 11 लोगों की मौत
- Post By Admin on Jul 07 2026
बीजिंग : चीन के मध्य हुबेई प्रांत में आए दो शक्तिशाली बवंडरों ने व्यापक तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति लापता बताया जा रहा है। वहीं 330 से अधिक लोग घायल हुए हैं। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा है।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, सोमवार रात हुबेई के कई इलाकों में तेज आंधी और बवंडर ने भारी तबाही मचाई। इस आपदा से करीब 14,600 लोग प्रभावित हुए हैं। बवंडर की चपेट में आने से 20 से अधिक मकान पूरी तरह ढह गए, जबकि 4,800 से ज्यादा घर क्षतिग्रस्त हो गए। तेज हवाओं के कारण कई वाहन पलट गए और अनेक इमारतों की छतें उड़ गईं। भारी सामान हवा में उड़ने लगा और शहर के विभिन्न हिस्सों में मलबा फैल गया। होटल और घरों में मौजूद कई लोग टूटे शीशों और उड़ती वस्तुओं की चपेट में आने से घायल हुए, जबकि कई लोगों की जान चली गई। विशेषज्ञों के अनुसार, यांग्त्ज़ी नदी के किनारे स्थित औद्योगिक केंद्र हुबेई में बवंडर की घटनाएं अपेक्षाकृत कम होती हैं। इससे पहले यहां मई 2021 में बवंडर आया था।
इधर, चीन के अन्य हिस्सों में भी मौसम संबंधी आपदाओं का असर जारी है। ग्वांग्शी झुआंग स्वायत्त क्षेत्र में टाइफून 'मेसाक' के कारण हुई मूसलाधार बारिश और बाढ़ में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है। करीब 50 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जबकि आठ लोग अब भी लापता हैं। वहीं, गांसू प्रांत के एक गांव में भूस्खलन की घटना में 33 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। राहत एवं बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर अभियान चला रहे हैं।