धाडिंग में आधी रात कहर : त्रिशुली नदी में बस गिरने से 18 यात्रियों की मौत

  • Post By Admin on Feb 23 2026
धाडिंग में आधी रात कहर : त्रिशुली नदी में बस गिरने से 18 यात्रियों की मौत

काठमांडू : नेपाल के धाडिंग जिले में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई, जब पोखरा से काठमांडू जा रही यात्रियों से भरी बस त्रिशुली नदी में जा गिरी। हादसा बेनीघाट रोरंग ग्रामीण नगरपालिका के चरौंडी स्थित चिनाधारा क्षेत्र में रात करीब 1:15 बजे हुआ।

धाडिंग जिला यातायात पुलिस कार्यालय के प्रमुख शिशिर थापा ने 18 मौतों की पुष्टि की है। मृतकों में 12 पुरुष और 6 महिलाएं शामिल हैं। दो विदेशी नागरिकों के भी हताहत होने की सूचना है, हालांकि उनकी राष्ट्रीयता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। लगभग 25 घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में 44 से अधिक यात्री सवार थे। तेज ढलान और मोड़ वाले इलाके में चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया, जिसके बाद बस लुढ़कते हुए सीधे नदी किनारे जा गिरी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटनास्थल से सामने आए वीडियो और तस्वीरों में बस के परखच्चे उड़ते दिखाई दे रहे हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही नेपाली सेना, नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और स्थानीय नागरिकों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। राजमार्ग बचाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राजकुमार ठकुरी ने बताया कि अंधेरा और दुर्गम भूभाग के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले 5 फरवरी को भी नेपाल के बैतड़ी जिले में एक बस 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई थी और 34 घायल हुए थे। वर्ष 2024 में भूस्खलन के कारण त्रिशुली नदी में दो बसों के गिरने की घटनाएं भी सामने आई थीं, जिनमें 7 से अधिक भारतीय नागरिकों की जान गई थी।

लगातार हो रहे सड़क हादसों के बाद नेपाल में पर्वतीय मार्गों पर यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।