साउथ कैलिफोर्निया में बड़ा रासायनिक खतरा, विस्फोट की आशंका से मचा हड़कंप

  • Post By Admin on May 24 2026
साउथ कैलिफोर्निया में बड़ा रासायनिक खतरा, विस्फोट की आशंका से मचा हड़कंप

वाशिंगटन : अमेरिका के साउथ कैलिफोर्निया में खतरनाक रसायन के रिसाव के बाद हड़कंप मच गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने करीब 40 हजार लोगों को प्रभावित इलाका खाली करने का आदेश दिया है। साथ ही कई स्कूलों को भी बंद कर दिया गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि रिसाव कर रहा रसायन कभी भी विस्फोट का कारण बन सकता है।

जानकारी के अनुसार प्लास्टिक के पुर्जे बनाने में इस्तेमाल होने वाला मिथाइल मेथैक्रिलेट नामक खतरनाक रसायन एक भंडारण टैंक से लीक हो रहा है। यह घटना गार्डन ग्रोव शहर स्थित जीकेएन एयरोस्पेस कारखाने में हुई, जहां वाणिज्यिक और सैन्य विमानों के पुर्जे तैयार किए जाते हैं। ऑरेंज काउंटी दमकल विभाग के मुताबिक गुरुवार को 22,700 से 26,500 लीटर मिथाइल मेथैक्रिलेट से भरा टैंक अत्यधिक गर्म हो गया, जिसके बाद उससे जहरीली वाष्प हवा में फैलने लगी। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि टैंक में किसी भी समय दरार पड़ सकती है या वह फट सकता है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है।

गार्डन ग्रोव के अग्निशमन प्रमुख क्रेग कोवे ने कहा कि टैंक के टूटने की संभावना लगातार बनी हुई है और इसे रोकने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि टैंक फटता है तो बड़ी मात्रा में केमिकल जमीन पर फैल सकता है और गंभीर विस्फोट हो सकता है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने गार्डन ग्रोव के अलावा ऑरेंज काउंटी के साइप्रस, स्टैंटन, अनाहेम, ब्यूना पार्क और वेस्टमिंस्टर शहरों के कुछ हिस्सों में भी निकासी आदेश लागू कर दिया है। पूरी रात प्रयास के बावजूद रिसाव को पूरी तरह रोका नहीं जा सका है। फिलहाल दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन दल मौके पर लगातार स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।