सऊदी अरब में श्रम कानूनों में बड़ा बदलाव, भारतीय श्रमिकों पर होगा सीधा असर
- Post By Admin on Feb 04 2025

सऊदी अरब ने हाल ही में अपने श्रम कानूनों में बड़े बदलाव किए हैं। जिसका भारतीय श्रमिकों पर सीधा असर होने वाला है। सऊदी अरब के मानव संसाधन मंत्रालय द्वारा किए गए इन सुधारों का उद्देश्य श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा करना और उनके काम करने के बेहतर माहौल को सुनिश्चित करना है। इन बदलावों से भारतीय श्रमिकों को खास फायदा होने की उम्मीद जताई जा रही है, क्योंकि सऊदी अरब में बड़ी संख्या में भारतीय श्रमिक काम करते हैं।
महिलाओं के लिए बढ़ी मैटरनिटी लीव और अन्य सुधार
सऊदी अरब में अब महिलाओं के लिए मैटरनिटी लीव 10 हफ्ते से बढ़ाकर 12 हफ्ते कर दी गई है, जिससे वहां काम करने वाली गर्भवती महिला श्रमिकों को राहत मिलेगी। इसके अलावा, अगर किसी श्रमिक के पति या पत्नी की मृत्यु हो जाती है, तो उसे 5 दिनों की पेड लीव मिलेगी। इसी तरह, शादी के लिए भी 5 दिनों की छुट्टी दी जाएगी। यदि श्रमिक मुस्लिम त्योहारों जैसे ईद के दौरान काम करता है, तो उसे ओवरटाइम के तौर पर अतिरिक्त भुगतान मिलेगा।
ओवरटाइम और ट्रायल अवधि पर नए नियम
नए श्रम कानूनों के तहत, अगर कोई श्रमिक ओवरटाइम करता है, तो उसे उसकी नियत सैलरी के अलावा ओवरटाइम का पूरा भुगतान मिलेगा। इसके अलावा, किसी श्रमिक को अधिकतम 180 दिनों तक ही ट्रायल पर रखा जा सकेगा। यह बदलाव श्रमिकों के कामकाजी अधिकारों को और मजबूत करेगा।
भेदभाव पर रोक और रोजगार के नियम
नए संशोधनों के तहत यह सुनिश्चित किया गया है कि कोई भी नियोक्ता नस्ल, रंग, लिंग, विकलांगता या सामाजिक स्थिति के आधार पर रोजगार देने में भेदभाव नहीं करेगा। साथ ही, बिना लाइसेंस के श्रमिकों को रोजगार देने वाले व्यवसायों पर जुर्माना लगाया जाएगा। यह कदम सऊदी अरब के श्रम बाजार को रेगुलेट करने और इसे मजबूत करने की दिशा में उठाया गया है।
भारतीय श्रमिकों को मिलेगा लाभ
सऊदी अरब में भारतीय श्रमिकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वित्त वर्ष 2023-24 में भारतीय श्रमिकों की संख्या 26 लाख 50 हजार तक पहुंच गई है, जो सऊदी अरब में काम करने वाले प्रवासियों की सबसे बड़ी संख्या में से एक है। इन श्रमिकों में से अधिकांश निर्माण, प्लंबिंग, इलेक्ट्रिशियन, बढ़ई, पेंटिंग और घरेलू कामों में लगे हुए हैं। सऊदी अरब के श्रम कानूनों में किए गए ये बदलाव भारतीय श्रमिकों को उनके अधिकारों को लेकर मजबूती प्रदान करेंगे।
अकुशल श्रमिकों पर रोक लगाने की कोशिशें
सऊदी अरब ने अकुशल श्रमिकों की संख्या कम करने के लिए भी कदम उठाए हैं। दिसंबर 2023 में सऊदी अरब ने घोषणा की थी कि अब देश में आने वाले श्रमिकों को वेरिफिकेशन प्रोग्राम का एक टेस्ट पास करना होगा। इस टेस्ट का उद्देश्य अकुशल श्रमिकों को सऊदी अरब में काम करने से रोकना और केवल कुशल श्रमिकों को ही देश में लाना है।