इजरायल का सनसनीखेज दावा, ट्रंप की हत्या की योजना बना रहा है ईरान
- Post By Admin on Jul 10 2026
यरूशलम : इजरायल ने अमेरिका को ईरान से जुड़े एक संभावित सुरक्षा खतरे को लेकर सतर्क किया है। इजरायली खुफिया एजेंसियों ने वाशिंगटन के साथ ऐसी खुफिया जानकारी साझा की है, जिसमें ईरान पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की नई साजिश रचने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह सूचना कब और किस माध्यम से अमेरिकी अधिकारियों तक पहुंचाई गई।
रिपोर्टों के अनुसार, यह चेतावनी इसी सप्ताह अमेरिका को दी गई है। बताया जा रहा है कि अमेरिकी एजेंसियों को पहले भी ट्रंप की सुरक्षा से जुड़े संभावित खतरों की जानकारी मिलती रही है, लेकिन इजरायल की ओर से साझा की गई यह सूचना एक विशेष साजिश से संबंधित बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2020 में अमेरिकी कार्रवाई में ईरान के कुद्स फोर्स के प्रमुख जनरल कासिम सुलेमानी की मौत के बाद से ईरान के कई नेताओं और संगठनों ने सार्वजनिक रूप से ट्रंप के खिलाफ कड़ी बयानबाजी की है। कुछ अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि इजरायल की ओर से साझा की गई यह खुफिया जानकारी क्षेत्रीय सुरक्षा चिंताओं के साथ-साथ अमेरिकी नीति को प्रभावित करने की कोशिश भी हो सकती है।
इस बीच, तुर्की से लौटते समय राष्ट्रपति ट्रंप ने भी पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ईरान उन्हें अपना प्रमुख दुश्मन मानता है और उन्हें निशाना बनाने की मंशा रखता है। वहीं, ईरान में हाल ही में आयोजित शोक समारोहों के दौरान भी अमेरिका विरोधी और ट्रंप विरोधी नारे लगाए जाने की खबरें सामने आई हैं। उधर, इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच लगातार संपर्क बना हुआ है। गुरुवार को दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत में क्षेत्रीय सुरक्षा, खाड़ी क्षेत्र की स्थिति और तुर्की की ओर से इजरायल के खिलाफ दिए गए बयानों पर भी चर्चा हुई। नेतन्याहू ने ट्रंप के साथ बातचीत में इजरायल की सुरक्षा संबंधी चिंताओं से भी अवगत कराया।