कुवैत के बिजली संयंत्र पर ईरान का हमला, एक भारतीय कर्मचारी की मौत
- Post By Admin on Mar 30 2026
कुवैत : खाड़ी क्षेत्र में जारी तनाव के बीच ईरान द्वारा कुवैत के एक बिजली और जल विलवणीकरण संयंत्र पर किए गए हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि संयंत्र की एक इमारत को भारी नुकसान पहुंचा है। कुवैत के बिजली, पानी और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने सोमवार को इस घटना की पुष्टि करते हुए इसे देश के खिलाफ ईरान की आक्रामक कार्रवाई बताया है।
मंत्रालय की प्रवक्ता इंजीनियर फातिमा अब्बास जौहर हयात ने बताया कि यह हमला रविवार शाम को हुआ, जिसमें संयंत्र परिसर में स्थित एक सर्विस बिल्डिंग को निशाना बनाया गया। हमले के कारण इमारत को गंभीर क्षति पहुंची और वहां कार्यरत एक भारतीय कर्मचारी की जान चली गई।
कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने भी इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि पिछले एक महीने से जारी क्षेत्रीय संघर्ष के दौरान कुवैत को लगातार हमलों का सामना करना पड़ रहा है। मंत्रालय के अनुसार अब तक देश पर 307 बैलिस्टिक मिसाइलें, दो क्रूज मिसाइलें और 616 ड्रोन दागे जा चुके हैं।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल सऊद अल-अतवान ने जानकारी दी कि पिछले 24 घंटों में कुवैती सुरक्षा बलों ने 14 बैलिस्टिक मिसाइलों और 12 दुश्मन ड्रोन को पहचान कर नष्ट कर दिया। उन्होंने बताया कि कुछ हमलों का लक्ष्य कुवैती सशस्त्र बलों का एक सैन्य अड्डा भी था, जिसमें 10 सैनिक घायल हुए और परिसर को भी नुकसान पहुंचा।
गौरतलब है कि अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर खाड़ी क्षेत्र के कई देशों पर पड़ रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि क्षेत्र में बढ़ती सैन्य गतिविधियों के कारण हालात और अधिक गंभीर हो सकते हैं।