पेरिस फैशन वीक में भारतीय कारीगरी का जलवा, ईशा अंबानी बनीं आकर्षण का केंद्र

  • Post By Admin on Jul 09 2026
पेरिस फैशन वीक में भारतीय कारीगरी का जलवा, ईशा अंबानी बनीं आकर्षण का केंद्र

पेरिस : पेरिस हाउते कूट्योर वीक 2026 में भारतीय फैशन और पारंपरिक कारीगरी की शानदार झलक देखने को मिली। रिलायंस रिटेल की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ईशा अंबानी ने फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के ऑटम/विंटर 2026 हाउते कूट्योर शो में अपनी मौजूदगी से आकर्षण का केंद्र रहीं। यह पेरिस के आधिकारिक कूट्योर कैलेंडर में मनीष मल्होत्रा की पहली प्रस्तुति थी।

इस अवसर पर ईशा अंबानी ने विशेष रूप से तैयार किया गया गोल्डन कूट्योर गाउन पहना, जिसे मुंबई में 700 घंटे से अधिक की बारीक हस्तकारी से तैयार किया गया। इस पर भारतीय जरी-जरदोजी, सली और ताबान कढ़ाई के साथ हाथ से क्रिस्टल जड़े गए थे। गाउन का डिजाइन ‘एमएए (मां)’ थीम से प्रेरित था, जो महिलाओं के प्रेम, शक्ति और गरिमा को समर्पित है। इस परिधान को मनीष मल्होत्रा ने अंतरराष्ट्रीय स्टाइलिस्ट एंड्रयू मुकामल के साथ मिलकर विशेष रूप से ईशा अंबानी के लिए डिजाइन किया। उन्होंने अपने लुक को लॉरेन श्वार्ट्ज के न्यूड डायमंड इयररिंग्स और पियर-शेप डायमंड रिंग के साथ पूरा किया, जिसने भारतीय शिल्प और आधुनिक फैशन का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।

पेरिस फैशन वीक में ईशा अंबानी की उपस्थिति को भारतीय डिजाइनरों और पारंपरिक कारीगरों को वैश्विक मंच दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। रिलायंस रिटेल के माध्यम से वह भारतीय डिजाइन, हस्तशिल्प और रचनात्मक प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। पेरिस दौरे के दौरान ईशा अंबानी ने मनीष मल्होत्रा के अलावा भारतीय फैशन डिजाइनर राहुल मिश्रा के कूट्योर शो में भी हिस्सा लिया। फैशन जगत के जानकारों का मानना है कि इस तरह की भागीदारी भारतीय फैशन उद्योग और स्वदेशी कारीगरी को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।