पीएम मोदी की जापान यात्रा से भारतीय समुदाय में उत्साह, रेस्तरां व्यापारियों ने जताई खुशी
- Post By Admin on Aug 28 2025

टोक्यो : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को जापान की आधिकारिक यात्रा पर रवाना हो रहे हैं। वे 29 और 30 अगस्त को टोक्यो में रहेंगे, जहां वे 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में शिरकत करेंगे। इस यात्रा को लेकर जापान में रह रहे भारतीय समुदाय और खासकर रेस्तरां कारोबारियों में जबरदस्त उत्साह का माहौल है।
भारतीय रेस्तरां चलाने वाले व्यवसायियों और शेफ का कहना है कि यह यात्रा न सिर्फ भारत-जापान संबंधों को मजबूत करेगी बल्कि भारतीय खानपान और संस्कृति को और अधिक लोकप्रिय बनाने का अवसर भी प्रदान करेगी।
टोक्यो में 30 वर्षों से भारतीय रेस्तरां चला रहे दर्शन लाल शमवाल ने कहा, “जापानी लोग भारतीय व्यंजनों को बेहद पसंद करते हैं। बटर चिकन, चपाती, दाल मखनी, कढ़ाई पनीर और नान जैसी डिशेज यहां खूब लोकप्रिय हैं। प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा हमारे लिए गर्व का विषय है। अगर मौका मिला, तो हम उनके लिए खास भारतीय व्यंजन बनाना चाहेंगे।”
इसी तरह गिंजा इलाके के तंदूर शेफ दिग्विजय सिंह पंवार ने कहा कि यहां नान और तंदूरी व्यंजनों की भारी मांग है। उन्होंने बताया कि “छुट्टियों में हमारे रेस्तरां में 150 से ज्यादा ग्राहक पहुंचते हैं। पीएम मोदी की यात्रा को लेकर हम बेहद उत्साहित हैं और उनके लिए पनीर टिक्का व अचारी मशरूम जैसे शाकाहारी व्यंजन तैयार करना चाहेंगे।”
गढ़वाल से आए शेफ जगदीश प्रसाद और ऋषिकेश के सुखदेव असलियाल ने भी बताया कि बटर मसाला, वेज करी और चिकन करी जैसे भारतीय व्यंजन जापानी ग्राहकों के बीच खासे लोकप्रिय हैं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से भारतीय खानपान संस्कृति को और अधिक पहचान मिलेगी।
जापान में बसे भारतीयों का मानना है कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा से न सिर्फ दोनों देशों के रिश्ते और मजबूत होंगे बल्कि वहां रह रहे भारतीय समुदाय को भी नए अवसर और सुविधाएं प्राप्त होंगी।