पाकिस्तान से एक और युद्ध की तैयारी कर रहा भारत : आसिफ अली जरदारी

  • Post By Admin on Mar 03 2026
पाकिस्तान से एक और युद्ध की तैयारी कर रहा भारत : आसिफ अली जरदारी

इस्लामाबाद : पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने भारत पर एक और युद्ध की तैयारी करने का आरोप लगाया है। सोमवार को दिए गए अपने बयान में उन्होंने कहा कि भारतीय नेता स्वयं यह कह रहे हैं कि वे एक और जंग की तैयारी कर रहे हैं। क्षेत्र में शांति के समर्थक होने के नाते वह ऐसी किसी भी पहल की सलाह नहीं देंगे।

जरदारी ने कहा कि इस्लामाबाद बातचीत के लिए तैयार है और भारत को युद्ध के रास्ते से हटकर सार्थक संवाद की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उनके अनुसार दक्षिण एशिया की सुरक्षा और स्थिरता के लिए वार्ता ही एकमात्र विकल्प है।

पाक राष्ट्रपति ने सिंधु जल संधि पर भारत द्वारा रोक लगाने के फैसले की कड़ी आलोचना करते हुए इसे ‘जल आतंक’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पानी के प्रवाह को राजनीतिक लाभ के लिए हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है, जो क्षेत्रीय स्थिरता के लिए गंभीर खतरा है।

जरदारी ने यह भी कहा कि पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर के लोगों को कूटनीतिक और नैतिक समर्थन देता रहेगा। उनका कहना था कि जब तक कश्मीर मुद्दे का समाधान नहीं होगा, तब तक दक्षिण एशिया में स्थायी शांति संभव नहीं है।

इसके अलावा उन्होंने संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए अफगानिस्तान में सक्रिय आतंकी समूहों पर चिंता जताई। उनका कहना था कि यदि इस खतरे को नजरअंदाज किया गया तो अन्य देश भी बड़े हमलों का शिकार हो सकते हैं।

राष्ट्रपति जरदारी ने दावा किया कि पाकिस्तान ने सीमा पार आतंकी गतिविधियों को लेकर सैन्य तनाव बढ़ने से रोकने के लिए कूटनीतिक प्रयास किए हैं। उन्होंने दोहराया कि पाकिस्तान अपनी धरती का इस्तेमाल किसी भी देश के खिलाफ अशांति फैलाने के लिए नहीं होने देगा।