प्राग में भारत-चेक रक्षा वार्ता संपन्न, दोनों देशों ने सैन्य व तकनीकी सहयोग बढ़ाने पर जताई सहमति

  • Post By Admin on Oct 10 2025
प्राग में भारत-चेक रक्षा वार्ता संपन्न, दोनों देशों ने सैन्य व तकनीकी सहयोग बढ़ाने पर जताई सहमति

प्राग : भारत और चेक गणराज्य के बीच रक्षा सहयोग को नई दिशा देने के उद्देश्य से 7वीं भारत-चेक संयुक्त रक्षा समिति की बैठक 7 से 9 अक्टूबर तक प्राग में आयोजित की गई। बैठक में दोनों देशों ने रक्षा उत्पादन, सैन्य प्रशिक्षण और तकनीकी साझाकरण के क्षेत्र में सहयोग को और गहरा करने पर सहमति जताई।

भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अतिरिक्त सचिव एवं महानिदेशक (अधिग्रहण) ए. अनबरासु ने किया, जबकि चेक पक्ष का नेतृत्व चेक रक्षा मंत्रालय के औद्योगिक सहयोग प्रभाग की महानिदेशक राडका कोंडरलोवा ने किया।

भारतीय रक्षा मंत्रालय ने 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए बताया कि बैठक में रक्षा औद्योगिक सहयोग, संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रमों और भविष्य की तकनीकी परियोजनाओं पर विशेष रूप से चर्चा हुई। दोनों देशों ने इस दौरान आयोजित भारत-चेक रक्षा उद्योग संगोष्ठी में भी सक्रिय भागीदारी की, जिससे औद्योगिक साझेदारी के नए अवसर खुले।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में रक्षा औद्योगिक आधार को मजबूत करने और दोनों सेनाओं की अंतर-संचालन क्षमता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया। हालांकि, किसी विशेष समझौते या ज्ञापन का औपचारिक रूप से खुलासा नहीं किया गया है।

भारत और चेक गणराज्य के बीच ऐतिहासिक रूप से मजबूत संबंध रहे हैं। बोहेमिया साम्राज्य के समय से ही दोनों देशों के बीच व्यापारिक और सांस्कृतिक रिश्ते कायम हैं। चेक विद्वान सदियों पहले से भारतीय संस्कृति और संस्कृत भाषा से गहराई से प्रभावित रहे हैं।

यह संयुक्त समिति बैठक और रक्षा उद्योग संगोष्ठी इस बात का संकेत है कि भारत और चेकिया के बीच रणनीतिक, तकनीकी और रक्षा सहयोग के नए युग की शुरुआत हो चुकी है, जो दोनों लोकतांत्रिक देशों की साझेदारी को और परिपक्व बनाएगी।