भीषण सड़क हादसा : नदी में गिरी बस, बच्चों और महिलाओं समेत 23 की मौत
- Post By Admin on Mar 26 2026
ढाका : बांग्लादेश में एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री अब भी लापता बताए जा रहे हैं। यह हादसा राजबाड़ी जिले के गोवालैंड उपजिला स्थित दौलतदिया फेरी टर्मिनल पर हुआ, जहां एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पद्मा नदी में जा गिरी।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दुर्घटना बुधवार शाम करीब 5:15 बजे हुई। बस कुश्तिया के कुमारखाली से राजधानी ढाका जा रही थी। फेरी टर्मिनल पर नदी पार करने के लिए इंतजार करते समय बस अचानक नियंत्रण खो बैठी और पोंटून से सीधे नदी में गिर गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। रास्ते में अलग-अलग स्थानों से यात्रियों को बैठाया गया था। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। बचाव पोत हमजा ने करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद नदी में डूबी बस को बाहर निकाला।
फायर सर्विस अधिकारियों के अनुसार बुधवार देर रात बस के अंदर से 16 शव बरामद किए गए, जिनमें दो बच्चे, 10 महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। इससे पहले दो घायलों को अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 23 तक पहुंच गई।
अधिकारियों ने बताया कि बस नदी की सतह से लगभग 30 फीट नीचे पोंटून के नीचे फंसी हुई थी, जिससे गोताखोरों को अंदर जाने में काफी कठिनाई हुई। टूटे हुए दरवाजों और खिड़कियों के कारण बचाव अभियान भी चुनौतीपूर्ण बना रहा।
परिवहन कंपनी के काउंटर मास्टर तन्मय अहमद के अनुसार बस दोपहर करीब 2:30 बजे कुमारखाली से आठ यात्रियों के साथ रवाना हुई थी और रास्ते में खोकसा, मचपारा तथा पंग्शा से कई यात्री सवार हुए थे। 40 सीटों वाली बस में चालक और सहायक सहित करीब 50 लोग मौजूद थे।
प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं, जबकि बचाव दल अब भी लापता यात्रियों की तलाश में जुटा हुआ है। हादसे की खबर से पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया है।