टेक्सास में बाढ़ से तबाही : 13 लोगों की मौत, समर कैंप से 20 से अधिक बच्चे लापता

  • Post By Admin on Jul 05 2025
टेक्सास में बाढ़ से तबाही : 13 लोगों की मौत, समर कैंप से 20 से अधिक बच्चे लापता

ह्यूस्टन : सेंट्रल टेक्सास में मूसलधार बारिश के बाद आई भीषण बाढ़ ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि एक निजी क्रिश्चियन समर कैंप से 20 से अधिक बच्चे लापता बताए जा रहे हैं।

यह हादसा ग्वाडालूप नदी के किनारे स्थित मिस्टिक कैंप में हुआ, जहां लगभग 750 बच्चे ग्रीष्मकालीन शिविर में भाग ले रहे थे। टेक्सास के लेफ्टिनेंट गवर्नर डैन पैट्रिक ने बताया कि करीब 23 बच्चे अब भी लापता हैं और उन्हें तलाशने के लिए बड़े पैमाने पर राहत व बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

रेस्क्यू ऑपरेशन में 14 हेलीकॉप्टर, 12 ड्रोन और 500 से अधिक बचावकर्मी जुटे हैं। केर काउंटी के शेरिफ लैरी लेइथा ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है क्योंकि कई लोग अब भी लापता हैं।

काउंटी के वीडियो फुटेज में देखा गया कि ग्वाडालूप नदी की जलधारा में कारें, ट्रेलर और मोबाइल घर तक बह गए। नेशनल वेदर सर्विस के अनुसार, ग्वाडालूप नदी का जलस्तर रातों-रात 7.5 फीट से बढ़कर 30 फीट तक पहुंच गया है और आगे इसके 34 फीट तक पहुंचने की आशंका है।

शुक्रवार तड़के स्थानीय समयानुसार सुबह 4 बजे (भारतीय समयानुसार सुबह 9 बजे) फ्लैश फ्लड की चेतावनी जारी की गई थी, और सभी कैंपों व नदियों के पास रहने वालों को आपातकालीन अलर्ट भेजा गया।

टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने सोशल मीडिया पर कहा कि राज्य सरकार राहत कार्यों के लिए सभी संसाधनों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा, "हमारी पहली प्राथमिकता लोगों की जान बचाना है।"

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर तक मध्य टेक्सास में करीब पांच लाख लोग फ्लैश फ्लड चेतावनी की चपेट में थे। प्रशासन अब भी बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास कर रहा है।