लिस्बन में इलेक्ट्रिक स्ट्रीटकार दुर्घटनाग्रस्त, 15 लोगों की मौत, 18 घायल

  • Post By Admin on Sep 04 2025
लिस्बन में इलेक्ट्रिक स्ट्रीटकार दुर्घटनाग्रस्त, 15 लोगों की मौत, 18 घायल

लिस्बन : पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन में बड़ा हादसा हुआ, जहां मशहूर ग्लोरिया फनिक्युलर (इलेक्ट्रिक स्ट्रीटकार) के पटरी से उतरने पर 15 लोगों की मौत हो गई और 18 यात्री घायल हो गए। घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा एवेनिडा दा लिबरडेड इलाके के पास हुआ।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह दुर्घटना इतनी भीषण थी कि फनिक्युलर का डिब्बा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुर्तगाली राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा ने तीन दिनों तक चलने वाले पुस्तक महोत्सव को रद्द कर दिया और राष्ट्रीय शोक दिवस घोषित किया गया। राष्ट्रपति ने पीड़ितों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

लिस्बन के मेयर कार्लोस मोएदास ने इसे "शहर के लिए कठिन दिन" बताया और कहा कि हादसे के बाद राहत-बचाव कार्य तेज गति से किया गया।

हादसे पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शोक जताया गया। यूरोपीय संघ आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन, स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज, इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी और लिस्बन स्थित अमेरिकी दूतावास ने गहरी संवेदना प्रकट की और पीड़ितों के परिवारों के प्रति एकजुटता व्यक्त की।

पुर्तगाली सरकार ने इस भीषण दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं। गौरतलब है कि 19वीं सदी के अंत में शुरू हुआ यह फनिक्युलर लिस्बन के प्रमुख पर्यटन आकर्षणों में गिना जाता है। इससे पहले 2018 में भी इसी तरह की दुर्घटना हो चुकी है, हालांकि उस समय कोई हताहत नहीं हुआ था।