जापान में तेज झटकों के बाद खतरा बरकरार : सुनामी अलर्ट खत्म, महाभूकंप की आशंका
- Post By Admin on Apr 21 2026
टोक्यो : जापान के उत्तरी हिस्से में सोमवार को आए शक्तिशाली भूकंप के बाद स्थिति गंभीर बनी हुई है। हालांकि सुनामी की चेतावनी को हटा लिया गया है, लेकिन अब विशेषज्ञों ने संभावित ‘महाभूकंप’ को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, हालिया झटकों के बाद प्रशांत महासागर क्षेत्र में बड़े भूकंप की आशंका बढ़ गई है। एजेंसी ने सात प्रांतों—होक्काइडो, आओमोरी, इवाते, मियागी, फुकुशिमा, इबाराकी और चिबा—के 182 नगरपालिकाओं में रहने वाले लोगों को अलर्ट रहने और आधिकारिक निर्देशों पर नजर बनाए रखने को कहा है। यह सतर्कता 27 अप्रैल शाम 5 बजे तक प्रभावी रहेगी, हालांकि फिलहाल किसी तरह की अनिवार्य निकासी का आदेश नहीं दिया गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, समुद्र के भीतर मौजूद गहरी खाइयों के आसपास गतिविधियां बढ़ने से बड़े भूकंप की संभावना जताई जा रही है। यह इस तरह की तीसरी चेतावनी है—इससे पहले 2024 और दिसंबर 2025 में भी इसी प्रकार के अलर्ट जारी किए जा चुके हैं। इस बीच, सनाए ताकाइची ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की है। साथ ही नुकसान के आकलन के लिए एक विशेष संकट प्रबंधन टीम को सक्रिय कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि भूकंप के तेज झटके इतने शक्तिशाली थे कि सैकड़ों किलोमीटर दूर टोक्यो तक इमारतें हिल गईं। भूकंप के लगभग 40 मिनट बाद इवाते के कुजी बंदरगाह पर करीब 80 सेंटीमीटर ऊंची सुनामी लहर दर्ज की गई थी, जिसके बाद 1 से 3 मीटर तक की लहरों की चेतावनी जारी की गई थी। फिलहाल इवाते, होक्काइडो, आओमोरी, मियागी और फुकुशिमा प्रांतों के लिए जारी सभी सुनामी अलर्ट हटा लिए गए हैं।