बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन, तारिक रहमान का पीएम बनना तय

  • Post By Admin on Feb 13 2026
बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन, तारिक रहमान का पीएम बनना तय

ढाका : बांग्लादेश की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने प्रचंड जीत दर्ज करते हुए 299 सीटों में से 209 पर कब्जा कर लिया है और स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। अब तक 286 सीटों के नतीजे घोषित किए जा चुके हैं, जिनमें बीएनपी निर्णायक बढ़त के साथ आगे है।

वहीं, जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11 दलों के गठबंधन को 70 सीटें मिली हैं। जमात प्रमुख शफीकुर रहमान ने ढाका-15 सीट से जीत दर्ज की है।

करीब 20 वर्षों के अंतराल के बाद बीएनपी की सत्ता में वापसी हुई है। इससे पहले 2008 से 2024 तक देश में आवामी लीग की सरकार रही, जिसका नेतृत्व लगातार शेख हसीना करती रहीं।

इस ऐतिहासिक जीत के साथ पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे और बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान का प्रधानमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। तारिक रहमान ने दो सीटों से चुनाव लड़ा था और दोनों पर जीत हासिल की है। वे दिसंबर 2025 में 17 साल के लंबे निर्वासन के बाद देश लौटे थे।

खास बात यह भी है कि बांग्लादेश में 35 साल बाद कोई पुरुष प्रधानमंत्री बनने जा रहा है। इससे पहले 1988 में काजी जफर अहमद प्रधानमंत्री बने थे। इसके बाद 1991 से 2024 तक देश की सत्ता पर शेख हसीना और खालिदा जिया का ही दबदबा रहा और दोनों बारी-बारी से प्रधानमंत्री पद संभालती रहीं।

इस चुनावी नतीजे को बांग्लादेश की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है, जहां दो दशकों बाद सत्ता परिवर्तन के साथ नई राजनीतिक दिशा तय होने की उम्मीद जताई जा रही है।