तुर्किये में मलबे में मिला लापता भारतीय का शव
- Post By Admin on Feb 11 2023

अंकारा: तुर्किये में विनाशकारी भूकंप से हुई तबाही के मलबे में शनिवार को एक भारतीय नागरिक का शव मिला है। मृतक की पहचान उत्तराखंड के पौड़ी जिले के कोटद्वार के रहने वाले विजय कुमार के रूप में हुई। वह बीते माह अपने व्यवसाय के सिलसिले में यहां आये थे लेकिन बीते 6 फरवरी से वह लापता था।
तुर्किये में स्थित भारतीय दूतावास ने शनिवार को ट्वीट कर बताया कि हम दुख के साथ सूचित करते हैं कि बीते 6 फरवरी के भूकंप के बाद से तुर्किये में लापता भारतीय नागरिक विजय कुमार के शव के कुछ हिस्से मिल गए हैं। तुर्किये के मलत्या में एक होटल के मलबे के बीच से उनका शव निकाला गया। यहां वे एक व्यवसायिक यात्रा पर आये थे। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदना, हम उनके पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द उनके परिवार तक पहुंचाने का इंतजाम कर रहे हैं।
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक विजय का चेहरा पहचानना मुश्किल था क्योंकि उनका चेहरा पूरी तरह से कुचल गया था और उनके एक हाथ पर 'ओम' शब्द का टैटू था।
उल्लेखनीय है कि भूकंप से तबाह हो चुके यूरोप के पास बसे पश्चिम एशिया के दो देश तुर्किये और सीरिया में छह दिन से मलबे में जिंदगी की तलाश की जा रही है। इन देशों ने बीते छह फरवरी को 7.8 की तीव्रता वाला शक्तिशाली झटका झेला है। मृतकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इस आपदा में अब तक 25,000 से अधिक लोगों की जान गई है। तुर्किये में 19 हजार से ज्यादा लोग मारे गए हैं। बाकी लोग सीरिया के हैं।