व्हाइट हाउस में बड़ी कूटनीतिक बैठक : ट्रंप से मिलेंगे जेलेंस्की, यूरोपीय नेता दिखाएंगे एकजुटता

  • Post By Admin on Aug 18 2025
व्हाइट हाउस में बड़ी कूटनीतिक बैठक : ट्रंप से मिलेंगे जेलेंस्की, यूरोपीय नेता दिखाएंगे एकजुटता

वाशिंगटन : रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर निर्णायक कूटनीतिक पहल की कोशिशें तेज हो गई हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की सोमवार को व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। खास बात यह है कि इस अहम बैठक में जेलेंस्की को शीर्ष यूरोपीय नेताओं का भी मजबूत समर्थन मिलेगा।

इस बहुप्रतीक्षित वार्ता का केंद्र बिंदु युद्धविराम की संभावनाएं और मास्को की शर्तों को लेकर उठी चिंताएं होंगी। पुतिन ने हाल ही में अलास्का शिखर सम्मेलन में क्रीमिया पर यूक्रेन के दावे को छोड़ने और नाटो सदस्यता से पीछे हटने जैसी शर्तें रखी थीं। इन्हीं शर्तों पर दबाव की आशंका को लेकर यूरोपीय नेता एकजुट होकर वॉशिंगटन पहुंचे हैं।

बैठक में जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब, नाटो महासचिव मार्क रूट, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी शामिल रहेंगे।

फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों ने स्पष्ट किया कि वार्ता का मकसद रूस के खिलाफ कमजोरी नहीं बल्कि एकजुट ताकत का प्रदर्शन करना है। उन्होंने कहा, “अगर हम आज रूस के सामने झुकते हैं तो भविष्य के संघर्षों को न्योता देंगे।”

जर्मनी की ओर से भी बयान जारी कर कहा गया कि एजेंडे में सुरक्षा गारंटी, क्षेत्रीय अखंडता और यूक्रेन की रक्षा के लिए सहयोग जारी रखना अहम होगा। वहीं, अमेरिका की ओर से ट्रंप लगातार यह कहते रहे हैं कि युद्ध को खत्म करने का फैसला जेलेंस्की के हाथों में है।

ट्रंप ने रविवार को अपने प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा, “यूक्रेन के राष्ट्रपति चाहें तो यह युद्ध तुरंत खत्म कर सकते हैं, वरना लड़ाई जारी रहेगी।”

विशेषज्ञों का मानना है कि वॉशिंगटन की यह बैठक रूस-यूक्रेन युद्ध के भविष्य और वैश्विक शक्ति संतुलन की नई दिशा तय कर सकती है।