ईरान के नए सुप्रीम लीडर पर अमेरिका सख्त, कहा– पिता जैसा हो सकता है अंजाम
- Post By Admin on Mar 09 2026
वाशिंगटन : अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को ईरान का नया सुप्रीम लीडर चुने जाने पर अमेरिका में तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। अमेरिकी नेताओं और सुरक्षा विशेषज्ञों ने इस नियुक्ति की आलोचना करते हुए इसे ईरान में अपेक्षित बदलाव के विपरीत बताया है।
अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ईरान में मारे गए नेता के बेटे को उनकी जगह देना वह बदलाव नहीं है जिसकी उम्मीद की जा रही थी। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि संभव है कि नए नेता का अंजाम भी उनके पिता जैसा ही हो।
उधर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जब मोजतबा खामेनेई के सुप्रीम लीडर बनने पर प्रतिक्रिया मांगी गई, तो उन्होंने तत्काल टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। हालांकि द टाइम्स ऑफ इजरायल को दिए एक टेलीफोन साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि ईरान के साथ चल रहे संघर्ष को समाप्त करने के मुद्दे पर अमेरिका और इजरायल मिलकर फैसला करेंगे।
ट्रंप ने यह भी कहा कि इस मामले में बेंजामिन नेतन्याहू के साथ चर्चा जारी है और उचित समय पर निर्णय लिया जाएगा। उनके अनुसार अंतिम निर्णय वाशिंगटन में लिया जाएगा।
इस बीच सीआईए के पूर्व निदेशक डेविड पेट्रियस ने भी नई नियुक्ति को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि मोजतबा खामेनेई अपने पिता की तरह ही कट्टर विचारधारा वाले नेता हो सकते हैं और उनके नेतृत्व से किसी बड़े बदलाव की उम्मीद कम है।
उधर इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने भी चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी नेता इजरायल को खत्म करने की बात करेगा, वह निशाने पर रहेगा, चाहे वह कहीं भी हो। वहीं नेसेट के स्पीकर आमिर ओहाना ने कहा कि केवल व्यक्ति बदलने से सरकार की नीतियां नहीं बदलतीं और इजरायल नए नेतृत्व से भी उसी तरह निपटेगा जैसे पहले करता रहा है।