अल्बानिया ने भ्रष्टाचार रोकने के लिए नियुक्त किया दुनिया का पहला एआई जेनरेटेड मंत्री
- Post By Admin on Sep 12 2025
.jpg)
तिराने : अल्बानिया ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए दुनिया का पहला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जेनरेटेड "मंत्री" नियुक्त किया है। प्रधानमंत्री एडी रामा ने अपने मंत्रिमंडल में डिजिटल मंत्री ‘डिएला’ को शामिल किए जाने की घोषणा की।
‘डिएला’ (अर्थात ‘सूरज’) जनवरी से ही ऑनलाइन सरकारी सेवाओं के उपयोग को लेकर नागरिकों से बातचीत कर रही है। यूरो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, रामा ने कहा कि डिएला ऐसी पहली मंत्री हैं जो शारीरिक रूप से मौजूद नहीं हैं, बल्कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता द्वारा आभासी रूप से बनाई गई हैं।
प्रधानमंत्री ने बताया कि डिएला को सार्वजनिक निविदाओं से जुड़े सभी निर्णय लेने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि प्रक्रिया को “100 प्रतिशत भ्रष्टाचार मुक्त” बनाया जा सके। रामा के अनुसार, एआई की मदद से निविदा प्रक्रिया में खर्च होने वाले प्रत्येक सार्वजनिक धन को पूरी तरह पारदर्शी रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक निविदाओं पर फैसला अब चरणबद्ध तरीके से मंत्रालयों से हटाकर एआई की निगरानी में होगा। डिएला को पारंपरिक अल्बानियाई पोशाक में महिला के रूप में प्रस्तुत किया गया है, हालांकि भविष्य में इसके स्वरूप में बदलाव संभव है।
गौरतलब है कि अल्बानिया में भ्रष्टाचार गंभीर समस्या रही है। ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल के भ्रष्टाचार सूचकांक में देश 180 में से 80वें स्थान पर है। अल्बानिया का लक्ष्य 2023 तक यूरोपीय संघ की सदस्यता हासिल करना है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम दुनिया भर में शासन व्यवस्था में एआई की बढ़ती भूमिका को दर्शाता है। उल्लेखनीय है कि इस साल की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस में एआई एक्शन समिट की सह-अध्यक्षता की थी, जिसमें वैश्विक नेताओं और उद्योग विशेषज्ञों ने भाग लिया था।