रंग लाई अमेरिकी कोशिश, 427 लोगों की मौत के बाद सूडान में 72 घंटे का संघर्ष विराम

  • Post By Admin on Apr 25 2023
रंग लाई अमेरिकी कोशिश, 427 लोगों की मौत के बाद सूडान में 72 घंटे का संघर्ष विराम

खार्तूम (सूडान): हिंसाग्रस्त सूडान में संघर्ष विराम की अमेरिकी कोशिश रंग लाई है। दो दिन तक चली बातचीत के बाद संघर्षरत दोनों पक्ष 72 घंटे के संघर्ष विराम पर सहमत हो गए। 24 अप्रैल की आधीरात से शुरू यह संघर्ष विराम अगले 72 घंटे चलेगा। हिंसा में यहां 427 लोगों की मौत हो चुकी है और 3700 से अधिक घायल हुए हैं।

सूडान में सूडानी सेना और अर्धसैनिक बल रैपिड सपोर्ट फोर्स के बीच चल रहा भीषण संघर्ष पूरी दुनिया के लिए चुनौती बन गया है। ईद पर रैपिड सपोर्ट फोर्स ने संघर्ष विराम का ऐलान किया था, किन्तु तब वह प्रभावी नहीं हो सका था। इसके बाद अमेरिका ने दोनों पक्षों के बीच संघर्ष विराम कराने की कोशिश शुरू की। अमेरिकी विदेशमंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने बताया कि 48 घंटे की लंबी बातचीत के बाद सूडानी सेना और रैपिड सपोर्ट फोर्स राष्ट्रव्यापी संघर्ष विराम के लिए सहमत हो गए। यह संघर्ष विराम 24 अप्रैल की आधीरात से शुरू होकर अगले 72 घंटे तक चलेगा। इस बीच सूडान के हालात गंभीर बने हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र संघ की रिपोर्ट के अनुसार सूडान में हुई हिंसा में अब तक 427 लोगों की मौत हो चुकी है और 3700 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। मरने वालों में खार्तूम में मौजूद इजिप्ट के दूतावास के एक अधिकारी भी शामिल हैं।

अभी तक सूडान से विभिन्न देशों के चार हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला जा सका है। सूडान के निवासी भी बड़ी संख्या में चाड, इजिप्ट और दक्षिण सूडान पलायन कर गए हैं। लोगों को पानी, खाने और दवाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है।