सिक्किम स्थापना दिवस पर आज कई जगह कार्यक्रम

  • Post By Admin on May 16 2023
सिक्किम स्थापना दिवस पर आज कई जगह कार्यक्रम

गंगटोक: सिक्किम राज्य का आज (मंगलवार) 48वां स्थापना दिवस है। इस मौके पर राज्य में कई जगह कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 16 मई, 1975 को सिक्किम का 22वें राज्य के रूप में भारतीय संघ में विलय हो हुआ था। इससे पहले, सिक्किम राजशाही राज्य था।

नामग्याल राजवंश ने सिक्किम पर 300 से अधिक वर्षों तक शासन किया। 1970 के दशक में सिक्किम में लोगों ने राजशाही के खिलाफ आवाज उठानी शुरू की और लोकतंत्र की मांग करने लगे। इस बीच, राजशाही और लोकतंत्र को लेकर जनमत संग्रह हुआ। इसमें अधिकांश लोगों ने लोकतंत्र के पक्ष में मतदान किया। इस तरह सिक्किम जनमत संग्रह के माध्यम से दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत का हिस्सा बना। लोकतंत्र समर्थक एलडी काजी सिक्किम के पहले मुख्यमंत्री बने। काजी के बाद नर बहादुर भंडारी सिक्किम के दूसरे मुख्यमंत्री बने। उन्होंने करीब 15 साल तक सिक्किम की बागडोर संभाली। स्वर्गीय भंडारी के बाद पवन चामलिंग करीब 25 साल तक मुख्यमंत्री पद पर रहे। वह देश में इतने लंबे समय तक मुख्यमंत्री बने रहने वाले किसी क्षेत्रीय राजनीतिक दल के पहले नेता हैं।

इस बीच बीबी गुरुंग भी सिक्किम के मुख्यमंत्री बने। लेकिन, वे इस पद पर केवल 13 दिन ही रहे। संचमान लिंबू भी छह महीने के लिए मुख्यमंत्री बने। 2019 में हुए विधानसभा चुनाव के बाद अब सिक्किम की बागडोर मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के हाथों में है। उन्होंने 25 साल तक मुख्यमंत्री रहे पवन चामलिंग को हटाकर यह मुकाम हासिल किया है।