भारतीयों ने सबसे ज्यादा सर्च किया IPL और T20 वर्ल्ड कप, फिल्मों में स्त्री 2 टॉप पर
- Post By Admin on Dec 13 2024

गूगल ने 2024 में भारत में सबसे ज्यादा सर्च किए गए विषयों की सूची जारी की है जिसमें क्रिकेट और राजनीति का दबदबा देखने को मिला। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) और T20 वर्ल्ड कप ने ओवरऑल कैटेगरी में पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा, राजनीति और आगामी ओलंपिक ने भी लोगों की दिलचस्पी को आकर्षित किया। गूगल ट्रेंड्स के मुताबिक, IPL 2024 में सबसे ज्यादा सर्च किया गया कीवर्ड रहा। इसके बाद T20 वर्ल्ड कप दूसरे स्थान पर रहा। भारतीय जनता पार्टी और इलेक्शन रिजल्ट्स 2024 क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर रहे। पेरिस ओलंपिक 2024 ने टॉप-5 में जगह बनाई।
लोकसभा चुनाव 2024 के परिणामों के दौरान "इलेक्शन रिजल्ट्स 2024" और "भारतीय जनता पार्टी" की सर्च में भारी वृद्धि हुई। वहीं, प्रो कबड्डी लीग और इंडियन सुपर लीग जैसे अन्य खेलों ने भी सर्च लिस्ट में जगह बनाई जो क्रिकेट के अलावा अन्य खेलों की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है| फिल्मों की श्रेणी में, राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर अभिनीत 'स्त्री 2' सबसे ज्यादा सर्च की गई। इसके बाद 'कल्कि 2898 AD' और '12वीं फेल' जैसी फिल्में रहीं। सर्च की गई टॉप 10 फिल्में में स्त्री 2, कल्कि 2898 AD, 12वीं फेल, लापता लेडिज, हनु-मान, महाराजा, मंजुम्मेल बॉयज, द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम, सालार और आवेशम शामिल है। दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा का अक्टूबर में निधन हुआ। जिसके बाद उनके नाम की सर्च में भारी वृद्धि देखी गई।
यात्रा के लिए भारतीयों ने अजरबैजान, बाली और मनाली जैसे स्थानों को सबसे ज्यादा सर्च किया। वहीं, आम का अचार, कांजी और धनिया पंजीरी जैसी पारंपरिक रेसिपी ने किचन की सर्च लिस्ट में टॉप किया।
गूगल का नया फीचर 'Hum to Search'
गूगल ने "Hum to Search" नामक फीचर लॉन्च किया जिससे गुनगुनाकर गानों को सर्च किया जा सकता है। इस फीचर का उपयोग "नादानियां" और "हुस्न" जैसे गानों की खोज के लिए किया गया।
गूगल सर्च की पूरी लिस्ट 2024
ओवरऑल टॉप 10 सर्च किए गए कीवर्ड में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL), T20 वर्ल्ड कप, भारतीय जनता पार्टी, इलेक्शन रिजल्ट्स 2024, ओलंपिक 2024, एक्सेसिव हीट, रतन टाटा, इंडियन नेशनल कांग्रेस, प्रो कबड्डी लीग और इंडियन सुपर लीग शामिल है। गूगल की यह सूची दिखाती है कि 2024 में भारतीयों की रुचि खेल, राजनीति और मनोरंजन के इर्द-गिर्द रही।