बिहार के शुभम ने रचा इतिहास, जेईई एडवांस्ड 2026 में किया टॉप

  • Post By Admin on Jun 01 2026
बिहार के शुभम ने रचा इतिहास, जेईई एडवांस्ड 2026 में किया टॉप

नई दिल्ली : आईआईटी रुड़की ने जेईई एडवांस्ड 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। इस वर्ष परीक्षा में आईआईटी दिल्ली जोन के शुभम कुमार ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया। उन्होंने 360 में से 330 अंक अर्जित किए। अभ्यर्थी अपना परिणाम आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।

जेईई एडवांस्ड 2026 के परिणामों में आईआईटी दिल्ली जोन का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। दूसरे स्थान पर कबीर छिल्लर रहे, जिन्होंने 329 अंक प्राप्त किए, जबकि जतिन चाहर 319 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। उल्लेखनीय है कि शीर्ष तीनों रैंक धारक आईआईटी दिल्ली जोन से हैं। महिला अभ्यर्थियों में आरोही देशपांडे ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कॉमन रैंक लिस्ट में 77वीं रैंक हासिल की। उन्होंने 280 अंक प्राप्त कर देश की शीर्ष महिला उम्मीदवार बनने का गौरव हासिल किया।

इस बार भी कोटा ने अपनी प्रतिष्ठा बरकरार रखी है। लगातार तीसरे वर्ष ऑल इंडिया टॉपर कोटा से कोचिंग प्राप्त करने वाला छात्र बना है। शुभम कुमार और दूसरे स्थान पर रहे कबीर छिल्लर दोनों ने कोटा में रहकर परीक्षा की तैयारी की थी। महिला टॉपर आरोही देशपांडे भी कोटा के एक कोचिंग संस्थान की छात्रा रही हैं। परिणाम घोषित होने के बाद कोटा में छात्रों और शिक्षकों के बीच उत्साह का माहौल है। बिहार के गयाजी निवासी शुभम कुमार इससे पहले जेईई मेन में भी 100 परसेंटाइल स्कोर हासिल कर चर्चा में रहे थे। जेईई एडवांस्ड में उनकी सफलता ने एक बार फिर उनकी प्रतिभा को साबित किया है। शुभम और कबीर न केवल परीक्षा के शीर्ष दो रैंक धारक रहे, बल्कि दोनों अच्छे मित्र भी बताए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि जेईई एडवांस्ड 2026 की परीक्षा 17 मई को दो पालियों में आयोजित की गई थी। देशभर से लगभग 1.79 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया था। पेपर-1 सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और पेपर-2 दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया गया था। परिणाम घोषित होने के साथ ही अब सफल अभ्यर्थियों की नजरें देश के प्रतिष्ठित आईआईटी संस्थानों में प्रवेश के लिए होने वाली काउंसलिंग प्रक्रिया पर टिक गई हैं।