दिल्ली : कालकाजी मंदिर में चुन्नी प्रसाद विवाद में सेवादार की पीट-पीटकर हत्या, एक गिरफ्तार
- Post By Admin on Aug 30 2025
नई दिल्ली : दिल्ली के प्रसिद्ध कालकाजी मंदिर में चुन्नी प्रसाद को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस झगड़े में मंदिर के सेवादार की मौत हो गई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार हैं।
यह घटना शुक्रवार देर रात करीब 9:30 बजे हुई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय योगेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के फत्तेपुर गांव का रहने वाला था और बीते 14-15 सालों से मंदिर में सेवादार के रूप में कार्यरत था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अतुल पांडे (30), निवासी दक्षिणपुरी, अपने साथियों के साथ मंदिर दर्शन को आया था। पूजा के बाद उसने योगेंद्र से चुन्नी प्रसाद मांगा। मना करने पर बहस बढ़ गई और गुस्से में आरोपी और उसके साथी योगेंद्र पर लाठियों और मुक्कों से टूट पड़े।
गंभीर चोट लगने के बाद योगेंद्र को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने आरोपी अतुल को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बाकि आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।