एयर इंडिया ने फ्लाइट के पायलट को किया बर्खास्त, जांच में सामने आया बड़ा तथ्य

  • Post By Admin on Sep 05 2026
एयर इंडिया ने फ्लाइट के पायलट को किया बर्खास्त, जांच में सामने आया बड़ा तथ्य

नई दिल्ली: एयर इंडिया ने फुकेट-दिल्ली उड़ान के पायलट-इन-कमांड के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं। यह कार्रवाई Aircraft Accident Investigation Bureau (AAIB) की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद की गई है। रिपोर्ट में पायलट के कन्फर्मेटरी टेस्ट में साइकोएक्टिव पदार्थ के लिए ‘नॉन-नेगेटिव’ परिणाम सामने आने की बात कही गई है। 

यह वही उड़ान थी जिसमें 4 अगस्त को 36 हजार फीट की ऊंचाई पर विमान के तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम कुछ ही सेकंड के अंतराल में दबाव खो बैठे थे। इसके बाद ऑटोपायलट डिस्कनेक्ट हुआ और कुछ समय के लिए स्टॉल वार्निंग भी सक्रिय हुई। विमान में सवार यात्रियों और चालक दल के सदस्यों में से 24 लोग घायल हुए थे। जांच के मुताबिक, विमान ने पहले लगभग 372 फीट की ऊंचाई हासिल की और उसके बाद अपने निर्धारित स्तर से करीब 292 फीट नीचे आया। कुछ ही सेकंड में हाइड्रोलिक सिस्टम दोबारा सामान्य होने लगे और विमान ने दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग की। AAIB ने अभी तक इस घटना के अंतिम कारण का निर्धारण नहीं किया है और तकनीकी तथा अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच जारी है।

एयर इंडिया ने इसे सुरक्षा और नियामकीय मानकों से जुड़ा गंभीर मामला मानते हुए पायलट की सेवा समाप्त कर दी है। एयरलाइन ने यह भी बताया है कि घटना के बाद उसने अपने 100 प्रतिशत पायलटों की स्वैच्छिक टेस्टिंग शुरू की है। AAIB ने भी विमानन नियामक DGCA को साइकोएक्टिव पदार्थों के दुरुपयोग को रोकने के लिए उचित कार्रवाई की सिफारिश की है।