मारुति ला रही नई 7-सीटर SUV, XUV700 और सफारी को देगी टक्कर

  • Post By Admin on May 30 2026
मारुति ला रही नई 7-सीटर SUV, XUV700 और सफारी को देगी टक्कर

ऑटो डेस्क: भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी पकड़ और मजबूत करने के लिए Maruti Suzuki एक नई प्रीमियम 7-सीटर एसयूवी पर काम कर रही है। कंपनी की यह आगामी SUV फिलहाल Y17 कोडनेम से विकसित की जा रही है। बताया जा रहा है कि इसका उत्पादन हरियाणा स्थित कंपनी की नई खरखौदा मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में किया जाएगा।

मारुति की यह नई SUV मूल रूप से ग्रैंड विटारा का तीन-पंक्ति वाला वर्जन होगी। लॉन्च के बाद इसका मुकाबला Mahindra XUV700, Tata Safari समेत बाजार में आने वाली नई किआ, हुंडई और रेनॉल्ट की प्रीमियम एसयूवी से होगा। जानकारी के अनुसार नई 7-सीटर SUV सुजुकी के ग्लोबल C-प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी, जिस पर मौजूदा 5-सीटर ग्रैंड विटारा भी तैयार की गई है। हालांकि तीसरी पंक्ति की सीटों के लिए इसके व्हीलबेस को थोड़ा लंबा किया जा सकता है। इसके अलावा डिजाइन में भी कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं ताकि यह 5-सीटर मॉडल से अलग नजर आए।

इंजन और हाइब्रिड विकल्प

संभावना है कि नई SUV में वही इंजन विकल्प दिए जाएंगे जो ग्रैंड विटारा में मिलते हैं। इसमें 1.5 लीटर K15C पेट्रोल माइल्ड हाइब्रिड इंजन दिया जा सकता है, जो करीब 103bhp की ताकत पैदा करता है। इसके साथ मैनुअल और टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स विकल्प मिलने की उम्मीद है। AWD सिस्टम केवल टॉप वेरिएंट्स में उपलब्ध हो सकता है। इसके अलावा 1.5 लीटर तीन-सिलेंडर एटकिंसन साइकिल स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन भी दिया जा सकता है, जो eCVT ट्रांसमिशन के साथ आएगा और कुल 115bhp की पावर देगा। कंपनी का दावा है कि यह इंजन लगभग 27.97 किलोमीटर प्रति लीटर तक का माइलेज देने में सक्षम है। हालांकि, नई 7-सीटर SUV का आकार और वजन अधिक होने के कारण इसका माइलेज ग्रैंड विटारा के मुकाबले थोड़ा कम हो सकता है।

संभावित कीमत

मारुति की यह नई 7-सीटर SUV अपने 5-सीटर मॉडल से महंगी होगी। अनुमान लगाया जा रहा है कि इसके बेस वेरिएंट की कीमत 14 से 15 लाख रुपये के बीच हो सकती है, जबकि टॉप मॉडल की कीमत 24 से 27 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जा सकती है। ऑटोमोबाइल बाजार के जानकारों का मानना है कि बढ़ती 7-सीटर SUV डिमांड को देखते हुए मारुति की यह नई पेशकश भारतीय बाजार में बड़ा असर डाल सकती है।