मारिया कोरिना मचाडो को मिला 2025 का नोबेल शांति पुरस्कार, राष्ट्रपति ट्रंप को छोड़ा पीछे
- Post By Admin on Oct 10 2025

नई दिल्ली : वेनेजुएला की प्रख्यात लोकतंत्र समर्थक नेता मारिया कोरिना मचाडो को 2025 के नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। नॉर्वेजियन नोबेल समिति ने यह सम्मान तानाशाही के खिलाफ उनके साहसिक संघर्ष और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए किए गए अदम्य प्रयासों के लिए देने की घोषणा की।
नॉर्वेजियन नोबेल समिति ने कहा कि मारिया कोरिना मचाडो ने लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए अपने जीवन को जोखिम में डालकर भी संघर्ष जारी रखा। समिति ने कहा, “उनका यह साहस और समर्पण लाखों लोगों के लिए प्रेरणा स्रोत है।”
मारिया कोरिना मचाडो, जो वेनेजुएला की विपक्षी नेता और पूर्व राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार रह चुकी हैं, देश में लोकतांत्रिक सुधारों और नागरिक अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक मानी जाती हैं। वह लंबे समय से राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की सत्तावादी नीतियों के खिलाफ मुखर रही हैं।
नोबेल समिति के अध्यक्ष जोर्गेन वाटने फ्राइडनेस ने कहा कि मारिया को एक ऐसे राजनीतिक विपक्ष को एकजुट करने के लिए सम्मानित किया गया है, जो पहले विभाजित था, और जिसने स्वतंत्र चुनावों एवं प्रतिनिधिक शासन की मांग को मजबूत स्वर में उठाया।
इस वर्ष का नोबेल शांति पुरस्कार विशेष रूप से सुर्खियों में रहा क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी इस पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया था। ट्रंप ने खुद को “दुनिया में नौ महीनों के भीतर आठ युद्धों को समाप्त करने वाला पहला व्यक्ति” बताते हुए सम्मान का दावा किया था, लेकिन अंततः वे यह प्रतिष्ठित पुरस्कार जीतने में नाकाम रहे।
इस वर्ष कुल 338 नामांकन प्राप्त हुए थे — जिनमें 244 व्यक्ति और 94 संगठन शामिल थे।
गौरतलब है कि 1901 से अब तक नोबेल शांति पुरस्कार 105 बार प्रदान किया जा चुका है, जिसके विजेताओं में 92 पुरुष, 19 महिलाएं और 28 संगठन शामिल हैं।