गूगल पर 3.5 अरब डॉलर का जुर्माना, ट्रंप ने यूरोपीय संघ को टैरिफ लगाने की दी चेतावनी
- Post By Admin on Sep 06 2025

वाशिंगटन : यूरोपीय संघ द्वारा गूगल पर करीब 2.95 अरब यूरो (3.47 अरब डॉलर) का जुर्माना ठोकने के बाद अमेरिका और यूरोप के बीच व्यापारिक खींचतान तेज हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को चेतावनी दी कि अगर यूरोप अमेरिकी कंपनियों पर इस तरह के "अनुचित जुर्माने" लगाता रहा, तो वह यूरोपीय संघ पर टैरिफ बढ़ाने के लिए बाध्य होंगे।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा, "यूरोप ने आज गूगल पर 3.5 बिलियन डॉलर का जुर्माना लगाया है। यह रकम अमेरिकी निवेश और रोजगार पर खर्च हो सकती थी, लेकिन अब वह छीन ली गई। यह बहुत गलत है और अमेरिकी जनता इसे सहन नहीं करेगी।"
यूरोपीय आयोग के मुताबिक, गूगल ने विज्ञापन कारोबार में अपनी मजबूत स्थिति का दुरुपयोग किया और प्रतिस्पर्धा को नुकसान पहुंचाया। आयोग की प्रमुख प्रतिस्पर्धा नियामक टेरेसा रिबेरा ने कहा, "आज का फैसला दिखाता है कि गूगल ने प्रकाशकों, विज्ञापनदाताओं और उपभोक्ताओं को नुकसान पहुंचाने वाले तरीके से बाजार में दबदबा बनाया।"
गूगल ने इस फैसले को अदालत में चुनौती देने का ऐलान किया है। यह चौथा मौका है जब ब्रुसेल्स ने गूगल पर अरबों यूरो का जुर्माना लगाया है।
ट्रंप ने आरोप लगाया कि गूगल पहले ही "झूठे आरोपों" के चलते 13 अरब डॉलर चुका चुका है और अब तक कुल राशि 16.5 अरब डॉलर तक पहुंच गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि उनकी सरकार "धारा 301" के तहत कदम उठाकर यूरोप की इन कार्रवाइयों को रोक सकती है।
विशेषज्ञ मानते हैं कि यह मामला न केवल गूगल बल्कि अमेरिका-यूरोप के व्यापार संबंधों पर भी गहरा असर डाल सकता है। ग्रीष्मकाल में हुए विवादित व्यापार समझौते के बाद अब दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।