मुंबई एयरपोर्ट पर बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार, भारतीय पासपोर्ट पर विदेश भ्रमण का खुलासा
- Post By Admin on May 28 2025

मुंबई : छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सहार पुलिस ने एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है, जिस पर जाली दस्तावेजों के जरिए भारतीय पासपोर्ट हासिल कर विदेश यात्रा करने का आरोप है। महिला की पहचान मरिया खातुन मोहम्मद मंसूर अली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, इमिग्रेशन अधिकारी समीर पठान की शिकायत के आधार पर महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वह भारतीय पासपोर्ट प्राप्त करने के लिए फर्जी दस्तावेज जमा करने और उनका उपयोग कर विदेश भ्रमण करने के आरोप में गिरफ्तार की गई है। मरिया करीब 33 साल से मुंबई में रह रही थी।
जानकारी के मुताबिक, गरीबी और भुखमरी से बचने के लिए मरिया बांग्लादेश से भारत आई और मुंबई में रहने लगी। उसने एक भारतीय नागरिक से शादी कर उसकी पहचान का इस्तेमाल करते हुए 2016 में मुंबई पासपोर्ट ऑफिस से भारतीय पासपोर्ट हासिल किया, जिसे उसने दो बार नवीनीकृत भी कराया। इसके बाद वह कुवैत में रोजगार के लिए गई और छह साल से वहां काम कर रही थी।
25 मई को कुवैत से मुंबई लौटी मरिया के दस्तावेजों में अनियमितता पाते ही इमिग्रेशन अधिकारियों ने उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपनी असलियत स्वीकार की और बताया कि 15 वर्ष की उम्र में गरीबी से बचकर भारत आई थी। उसने बताया कि भारतीय पासपोर्ट का इस्तेमाल कर कई देशों की यात्रा भी की है।
मुंबई पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। यह मामला विदेशी नागरिकों द्वारा जाली दस्तावेजों का दुरुपयोग कर भारत में रहना और विदेशी देशों की यात्रा करने की संवेदनशीलता को फिर से उजागर करता है।