JSW Motors की नई तैयारी, चेरी के साथ मिलकर लॉन्च करेगी दमदार PHEV SUV Jetour T2
- Post By Admin on May 14 2026
ऑटो डेस्क : जेएसडब्ल्यू मोटर्स देश के ऑटोमोबाइल बाजार में बड़ा कदम रखने जा रही है। एमजी मोटर इंडिया के साथ अपने गठबंधन से अलग होने के बाद कंपनी अब चीन की चेरी ऑटोमोबाइल के साथ साझेदारी में नए वाहन लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। बताया जा रहा है कि कंपनी का पहला मॉडल चेरी जेटूर टी2 होगा, जिसे प्लग-इन हाइब्रिड इलेक्ट्रिक वाहन (PHEV) तकनीक के साथ पेश किया जाएगा।
इसी बीच चेरी ने वैश्विक बाजार में जेटूर टी2 का नया “डार्क नाइट एडिशन” लॉन्च किया है, जो बैटमैन थीम से प्रेरित बताया जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका जैसे बाजारों में यह एडिशन जेटूर टी2 और जेटूर टी1 एसयूवी के लिए उपलब्ध कराया गया है। कंपनी इसे फैक्ट्री-फिटेड मॉडल के रूप में नहीं, बल्कि एक कस्टमाइजेशन किट के तौर पर पेश कर रही है। इसकी कीमत करीब 20 हजार दक्षिण अफ्रीकी रैंड यानी लगभग 1.63 लाख रुपये रखी गई है। डार्क नाइट एडिशन में मैट ब्लैक एक्सटीरियर, ब्लैक आउट बैजिंग, स्मोक्ड फिनिश और 20 इंच के मैट ब्लैक अलॉय व्हील दिए गए हैं। इसके साथ लाल रंग के ब्रेक कैलिपर्स इसे और अधिक स्पोर्टी और आकर्षक लुक देते हैं।
इसके अलावा कंपनी “डार्क वॉरियर किट” भी ऑफर कर रही है, जिसमें ऑफ-रोडिंग क्षमता बढ़ाने के लिए करीब 30 अतिरिक्त कंपोनेंट्स शामिल हैं। इसकी कीमत लगभग 3.2 लाख रुपये के बराबर बताई गई है। जेटूर टी2 का आकार भी काफी बड़ा है। इसकी लंबाई 4785 मिमी, चौड़ाई 2006 मिमी, ऊंचाई 1880 मिमी और व्हीलबेस 2880 मिमी है। वहीं इसका ग्राउंड क्लीयरेंस 220 मिमी दिया गया है। भारत में कंपनी इसके PHEV वर्जन को लॉन्च कर सकती है। इसमें 1.5 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन, 26.7 किलोवाट-घंटे की बैटरी और दो इलेक्ट्रिक मोटर दिए गए हैं। यह सेटअप संयुक्त रूप से 381 बीएचपी की पावर और 610 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है।
जेटूर साउथ अफ्रीका के उपाध्यक्ष निक कैंपबेल ने कहा कि आज के समय में वाहन कस्टमाइजेशन केवल दिखावे तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोगों को अपनी पसंद और व्यक्तित्व व्यक्त करने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि कंपनी ग्राहकों को उनकी जीवनशैली के अनुसार वाहन को कस्टमाइज करने की स्वतंत्रता देना चाहती है।