दिल्ली : यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन के नजदीक पहुंचा बाढ़ का पानी, रास्ता बंद

  • Post By Admin on Sep 04 2025
दिल्ली : यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन के नजदीक पहुंचा बाढ़ का पानी, रास्ता बंद

नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और अब इसका असर मेट्रो कनेक्टिविटी पर भी दिखाई देने लगा है। यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन तक जाने वाली मुख्य सड़क पर बाढ़ का पानी भर जाने के कारण यातायात प्रभावित हुआ है और सड़क को एहतियातन बंद कर दिया गया है। इस संबंध में दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने यात्रियों को सतर्क करते हुए वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है।

डीएमआरसी ने गुरुवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए जानकारी साझा की कि "यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन तक जाने वाली सड़क बंद है। कृपया अपनी यात्रा की योजना बनाते समय अन्य मार्गों का इस्तेमाल करें।" हालांकि, डीएमआरसी ने यह भी स्पष्ट किया कि स्टेशन पर सामान्य रूप से मेट्रो सेवाएं जारी हैं और इंटरचेंज सुविधा उपलब्ध है।

इधर, यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच चुका है। गुरुवार सुबह पुराने रेलवे ब्रिज पर जलस्तर 207.48 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 205.33 मीटर है। जलस्तर के इस स्तर पर बने रहने से गीता कॉलोनी, मयूर विहार, यमुना बाजार, मजनू का टीला और कश्मीरी गेट जैसे निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है। स्थानीय निवासियों को घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर जाना पड़ा है। कई जगहों पर सड़कें डूबने से ट्रैफिक बाधित हो रहा है और राहत-बचाव दल लगातार निगरानी कर रहे हैं।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, बुधवार देर रात से गुरुवार सुबह तक जलस्तर 207.47 से 207.48 मीटर के बीच स्थिर रहा। अधिकारियों का कहना है कि रात 2 बजे से सुबह 7 बजे तक जलस्तर में कोई गिरावट नहीं देखी गई। बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक, गुरुवार दोपहर से जलस्तर में मामूली कमी आने की संभावना जताई गई है, लेकिन स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

बाढ़ का पानी दिल्ली सचिवालय की ओर भी बढ़ चुका है, जहां मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्रियों और शीर्ष अधिकारियों के दफ्तर स्थित हैं। इसके अलावा, वासुदेव घाट के आसपास का इलाका पूरी तरह पानी में डूब गया है। इससे न केवल सरकारी कामकाज प्रभावित हो सकता है बल्कि आम लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

दिल्ली सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग ने स्थिति से निपटने के लिए राहत शिविरों की व्यवस्था की है। निचले इलाकों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने का अभियान चल रहा है। प्रशासन ने जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचने और मेट्रो यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

विशेषज्ञों का कहना है कि यमुना नदी के पुराने रेलवे ब्रिज पर जलस्तर की स्थिति बाढ़ जोखिम का मुख्य संकेतक है। यही कारण है कि यहां से मिली हर रिपोर्ट को बेहद गंभीरता से लिया जाता है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता मेट्रो सेवाओं को बाधित होने से बचाना और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत पहुंचाना है।